रेलवे ने दिल्ली-रींगस एक्सप्रेस के चार फेरे किये बहाल
रेवाड़ी, नारनाैल और रींगस के यात्रियों को मिलेगी राहत
नारनाैल, 05 सितंबर (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे ने फुलेरा-रींगस-रेवाड़ी रेलखंड पर चल रहे दोहरीकरण कार्य के बीच दिल्ली-रींगस एक्सप्रेस के चार फेरे पुनः बहाल करने का निर्णय लिया है। पूर्व में दोहरीकरण कार्य के कारण ट्रेन के कुछ फेरों को आंशिक रूप से रद्द किया गया था।
अब परिचालन की समीक्षा के बाद दो-दो फेरे फिर से संचालित करने का फैसला लिया गया है। इससे दिल्ली, रेवाड़ी और रींगस के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने शनिवार को बताया कि कुण्ड, पाली और खोरी स्टेशनों के बीच रेल लाइन के दोहरीकरण का कार्य चल रहा है। इसके लिए नॉन इंटरलॉकिंग ब्लॉक लिया गया था। इस कारण कुछ रेल सेवाओं में अस्थायी बदलाव किया गया था। कार्य की स्थिति और रेल परिचालन की समीक्षा के बाद दिल्ली-रींगस एक्सप्रेस के चार फेरों को पुनः बहाल किया गया है।
रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 74041 दिल्ली-रींगस एक्सप्रेस पांच और छह सितंबर को अपने निर्धारित समय और मार्ग के अनुसार दिल्ली से रींगस तक संचालित होगी। इसी तरह गाड़ी संख्या 74042 रींगस-दिल्ली एक्सप्रेस छह और सात सितंबर को रींगस से दिल्ली के लिए नियमित रूप से चलेगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार कुण्ड-पाली-खोरी रेलखंड पर दोहरीकरण का कार्य पूरा होने के बाद इस मार्ग पर रेल परिचालन अधिक सुरक्षित, सुगम और समयबद्ध बनाने में मदद मिलेगी। यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की अद्यतन स्थिति की जानकारी रेलवे से अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी तरह की असुविधा से बचा जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला