नारनाैल: घर बैठे कमाई का झांसा देकर 7.15 लाख ठगे, आरोपी गिरफ्तार

 


नारनाैल, 26 अक्टूबर (हि.स.)। ऑनलाइन टास्क पूरा करके घर बैठे कमाई करने का झांसा देकर अटेली मंडी निवासी व्यक्ति से सात लाख 15 हजार रुपये की साइबर ठगी के मामले में साइबर थाना नारनौल पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजस्थान के जोधपुर जिले के गांव अखथली निवासी कमलेश के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर ठगी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।

डीएसपी डॉ. कविता ने सोमवार को बताया कि मामले में पहले गिरफ्तार किए गए आरोपी नवीन से पूछताछ और जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर कमलेश की भूमिका उजागर हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कमलेश ने अपना और नवीन का बैंक खाता साइबर ठगी करने वाले गिरोह को उपलब्ध कराया था। पुलिस अब इन खातों के माध्यम से हुए लेनदेन की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, 19 अक्टूबर को गिरफ्तार किए गए नवीन के बैंक खाते में ठगी की कुल रकम में से पांच लाख रुपये सीधे ट्रांसफर हुए थे। इसके बाद पुलिस ने मामले में पैसों के लेनदेन और बैंक खातों से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच शुरू की। जांच के दौरान कमलेश का नाम सामने आने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ठगी की बाकी रकम किन-किन बैंक खातों में ट्रांसफर की गई। इसके अलावा, साइबर ठगी के इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला