नारनौल में पानी-सीवर बकाया वसूली अभियान तेज, कनेक्शन काटने की चेतावनी

 


बकाया बिल जमा करने पर 100 प्रतिशत सरचार्ज माफ

नारनाैल, 09 अप्रैल (हि.स.)। जिले के शहरी क्षेत्रों में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने पानी एवं सीवर के बकाया बिलों की वसूली के लिए विशेष अभियान शुरू कर दिया है। इस अभियान के तहत नारनौल, नांगल चौधरी, अटेली, कनीना और महेन्द्रगढ़ शहर के उपभोक्ताओं को सरचार्ज में बड़ी राहत दी जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह छूट केवल 31 मई तक ही उपलब्ध रहेगी।

गुरूवार को उपमंडल अभियंता मुकेश कुमार शर्मा ने बताया कि जिन उपभोक्ताओं के 31 दिसंबर 2025 तक के पानी और सीवर बिल बकाया हैं, वे यदि 31 मई तक अपनी मूल राशि जमा कर देते हैं तो उन पर लगा 100 प्रतिशत सरचार्ज पूरी तरह माफ कर दिया जाएगा। जिला सलाहकार मंगतुराम सरसवा ने बताया कि पिछले वित्त वर्ष में पानी और सीवर बिलों की लगभग 60 प्रतिशत रिकवरी हुई थी, जबकि इस बार 100 प्रतिशत वसूली का लक्ष्य रखा गया है। इसी उद्देश्य से अप्रैल और मई में पांचों शहरों में अभियान तेज कर दिया गया है।

उन्होंने आंकड़े साझा करते हुए बताया कि नारनौल में 16 हजार दो सौ 42 उपभोक्ताओं पर करीब 116 लाख रुपये, नांगल चौधरी में दौ हजार 65 उपभोक्ताओं पर 15 लाख रुपये, महेन्द्रगढ़ में 15 हजार 868 उपभोक्ताओं पर 114 लाख रुपये, अटेली में दो हजार 648 उपभोक्ताओं पर 19 लाख रुपये तथा कनीना में दो हजार 380 उपभोक्ताओं पर 17 लाख रुपये का बकाया है। विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे समय रहते अपने बकाया बिल जमा करें, अन्यथा 31 मई के बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, जिन उपभोक्ताओं के बिल लंबित रहेंगे, उनके पानी और सीवर कनेक्शन काट दिए जाएंगे और आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला