नारनौल में छह दशक की उपलब्धियों के साथ मनाई हीरक जयंती
नारनाैल 01 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा राज्य के गठन के गौरवशाली 60 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में रविवार को सभागार में जिला स्तरीय हीरक जयंती समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा की सांस्कृतिक विरासत, विकास यात्रा और देश की प्रगति में प्रदेश के योगदान को याद किया गया। जिला स्तरीय समारोह का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार ने किया।
कार्यक्रम से पहले नागरिकों ने बड़ी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष तथा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का लाइव संबोधन सुना। इस दौरान प्रदेश की उपलब्धियों और विकास यात्रा को लेकर विचार साझा किए गए। अतिरिक्त उपायुक्त तरुण कुमार पावरिया ने कहा कि हरियाणा ने राज्य गठन के बाद अपनी सांस्कृतिक विरासत को सहेजते हुए आधुनिकता को भी अपनाया है। प्रदेश ने विकास के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं और देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के वीर जवानों और खिलाड़ियों ने हमेशा देश का मस्तक ऊंचा रखा है। वहीं, प्रदेश के किसानों ने अन्न के भंडार भरकर देश की खाद्यान्न जरूरतों को पूरा करने में अहम भूमिका निभाई है। हरियाणा की पहचान मेहनत, परंपरा और विकास के संगम के रूप में बनी है।
समारोह के दौरान विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों की सांस्कृतिक टीमों ने हरियाणवी संस्कृति से ओतप्रोत रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत राज्य गीत ‘जय जय जय हरियाणा’ से हुई। प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदेश की लोक संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली इतिहास को दर्शाया गया। इस माैके पर एसडीएम नारनौल गुरविंदर सिंह, नगराधीश डॉ. मंगल सेन, डीएसपी भारत भूषण, सीएमओ डॉ. अशोक कुमार सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला