नारनाैल: मोदी नेतृत्व में देश ने विकास और सुशासन के नए आयाम छुए: धर्मबीर सिंह

 


नारनाैल, 15 जून (हि.स.)। सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने पिछले 12 वर्षों में संभावनाओं के देश से उपलब्धियों के देश तक की ऐतिहासिक यात्रा तय की है। उन्होंने कहा कि सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को केंद्र में रखकर किए गए कार्यों ने देश के विकास को नई गति प्रदान की है।

सांसद सोमवार को लघु सचिवालय के निकट स्थित सभागार में आयोजित विकसित भारत संकल्प सम्मेलन एवं जन कल्याण शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उपायुक्त अनुपमा अंजली भी माैजूद रहीं।

अपने संबोधन में सांसद ने कहा कि केंद्र सरकार के पिछले 12 वर्षों के कार्यकाल में गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के उत्थान के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की गई हैं। इन प्रयासों के परिणामस्वरूप देश में 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत और चिरायु जैसी योजनाओं ने करोड़ों नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और आर्थिक सुरक्षा प्रदान की है।

कार्यक्रम में पूर्व मंत्री डॉ. अभय सिंह यादव और भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. यतेंद्र राव ने भी अपने विचार रखे। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक दीपक, पूर्व विधायक सीताराम यादव, सीईओ जिला परिषद निर्मल नागर, डीएफओ विजेंद्र सिंह, डीएमसी रणवीर सिंह, नगर परिषद चेयरपर्सन कमलेश सैनी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला