नारनौल में जेएनयू प्रकरण पर भाजपा महिला मोर्चा ने किया प्रदर्शन
नारनाैल, 12 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी की ओर से सोमवार को शहर के महावीर चौक पर जेएनयू प्रकरण को लेकर रोष प्रदर्शन किया गया। जिला अध्यक्ष डॉ. यतेंद्र राव की अध्यक्षता में आयोजित इस प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा महिला मोर्चा ने किया। इस दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने छात्राओं की शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस सांसद एवं जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के प्रोफेसर अंगोमचा बिमोल अकोइजाम के खिलाफ छात्राओं की ओर से लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों तथा विश्वविद्यालय की ओर से की गई बर्खास्तगी की कार्रवाई के संदर्भ में रोष जताया गया। भाजपा महिला मोर्चा की नेताओं ने कहा कि छात्राओं से जुड़े ऐसे गंभीर मामलों में शिकायतों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए और निष्पक्ष जांच के माध्यम से सच्चाई सामने आनी चाहिए।
भाजपा नेताओं ने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों में छात्राओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना जरूरी है। किसी भी छात्रा की ओर से उत्पीड़न संबंधी शिकायत मिलने पर संबंधित संस्थानों को नियमानुसार कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जांच प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष होनी चाहिए, ताकि किसी के साथ अन्याय न हो और शिकायतकर्ता छात्राओं को न्याय मिल सके। महिला मोर्चा ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और शिकायतकर्ता छात्राओं को न्याय दिलाने की मांग दोहराई। इस मौके पर भाजपा जिला प्रधान यतेंद्र यादव, पूर्व डिप्टी स्पीकर संतोष यादव, नगर परिषद चेयरपर्सन कमलेश सैनी, महामंत्री किशन बोहरा सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला