नारनौल फायर ब्रिगेड के चालक की सड़क हादसे में मौत

 


तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से गंभीर घायल संजय ने कनीना अस्पताल में तोड़ा दम

नारनाैल, 27 सितंबर (हि.स.)। जिले के गांव भोजावास में रविवार सुबह सड़क पर एक्सरसाइज कर रहे फायर ब्रिगेड के चालक को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में भोजावास निवासी संजय कुमार (30) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए पहले भोजावास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उसे उप नागरिक अस्पताल कनीना लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार संजय कुमार रविवार सुबह अपने साथी सचिन (27) के साथ भोजावास से सुंदरह रोड पर एक्सरसाइज करने के लिए गया था। इसी दौरान सुंदरह की तरफ से भोजावास की ओर आ रही तेज रफ्तार बाइक ने संजय को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके साथ मौजूद सचिन ने तुरंत उसे संभाला और निजी अस्पताल पहुंचाया। यहां से चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। बाद में कनीना अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बताया गया है कि संजय करीब पांच साल पहले हरियाणा रोजगार कौशल निगम के तहत फायर ब्रिगेड में चालक के पद पर नियुक्त हुआ था। वर्तमान में उसकी ड्यूटी नारनौल में थी। संजय शादीशुदा था और परिवार में पत्नी पूजा तथा पांच साल का बेटा गिरीश है। परिजनों के अनुसार संजय ही परिवार का मुख्य कमाने वाला सदस्य था। उसकी मौत के बाद परिवार पर आर्थिक संकट भी गहरा गया है। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला