नारनौल: रेलवे ट्रैक पर मिला व्यक्ति का शव, गर्दन धड़ से मिली अलग

 

मानसिक परेशानी के चलते आत्महत्या की आशंका

नारनौल, 05 सितंबर (हि.स.)। महेंद्रगढ़ में रेवाड़ी रेलवे लाइन पर शुक्रवार देर शाम एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव गांव बुचोली के पास रेलवे ट्रैक पर मिला। सूचना मिलने के बाद महेंद्रगढ़ जीआरपी चौकी की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

मृतक की पहचान गांव माजरा खुर्द निवासी ज्योति प्रकाश पुत्र चंदन सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, ज्योति प्रकाश शादीशुदा था और उसके बच्चे भी हैं। घटनास्थल पर शव की गर्दन धड़ से अलग मिली। इससे पुलिस ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू कर दी।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतक पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। प्रारंभिक जानकारी के आधार पर रेलवे ट्रैक पर आकर आत्महत्या करने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी मौत के कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

जीआरपी अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी सबूत एकत्र किए हैं। साथ ही मृतक के परिजनों और संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जीआरपी का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला