नारनौल में डीएपी खाद के 1000 बैग पहुंचे, किसानों की उमड़ी भीड़

 


नारनाैल, 12 अक्टूबर (हि.स.)। नारनौल की अनाज मंडी स्थित सहकारी सोसायटी कार्यालय में कृभको कंपनी की डीएपी खाद के एक हजार बैग पहुंचने से किसानों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद जगी है। सोमवार को खाद वितरण की जानकारी मिलते ही किसानों की भीड़ उमड़ पड़ी। खाद लेने के लिए किसान सुबह तीन बजे से ही सोसायटी कार्यालय के बाहर पहुंचने लगे। इनमें महिला और पुरुष दोनों किसान शामिल रहे। सुबह नौ बजे कार्यालय खुलने तक खाद लेने वालों की लंबी लाइन लग गई।

सोसायटी कर्मचारी प्रदीप निर्मल ने बताया कि कार्यालय में कृभको कंपनी की डीएपी खाद के एक हजार बैग पहुंचे हैं। कृषि अधिकारियों की मौजूदगी में किसानों को खाद वितरित की गई। प्रत्येक किसान को 50-50 किलो के तीन बैग दिए जाएंगे। एक बैग की कीमत 1350 रुपये निर्धारित की गई है। खाद लेने के लिए किसानों को अपना आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य है।

उन्होंने बताया कि इससे पहले सोसायटी में 30 सितंबर को डीएपी खाद का वितरण किया गया था। इसके बाद 11 दिन के अंतराल पर खाद की नई खेप पहुंची है। खाद की कमी और किसानों की अधिक संख्या को देखते हुए एक हजार बैग की खेप सीमित मानी जा रही है। क्षेत्र में डीएपी खाद की कमी के चलते किसान लगातार सहकारी सोसायटियों के चक्कर काट रहे हैं। समय पर खाद नहीं मिलने से किसानों को रबी फसलों की बुआई की तैयारियों को लेकर चिंता सता रही है।

पिछले सप्ताह खाद की किल्लत से परेशान किसानों ने उपायुक्त से मुलाकात कर अपनी समस्या रखी थी। किसानों को उम्मीद है कि नई खेप पहुंचने से खाद की उपलब्धता में कुछ सुधार होगा। हालांकि, मांग के मुकाबले खाद की मात्रा कम होने के कारण सभी किसानों को जरूरत के अनुसार खाद मिल पाना मुश्किल माना जा रहा है। ऐसे में किसान खाद की और खेप आने का इंतजार कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला