नारनाैल में ईओ के खिलाफ धरने पर बैठे वार्ड पार्षद
एक माह से वार्ड में पर्याप्त सफाईकर्मी नहीं मिलने का आरोप
व्यवस्था सुधरने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
नारनाैल, 01 जुलाई (हि.स.)। नारनौल नगर परिषद के वार्ड पार्षद देवेंद्र कुमार बुधवार को नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी (ईओ) जोगेंद्र सिंह कालीरमना के खिलाफ धरने पर बैठ गए। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके वार्ड में पिछले एक महीने से पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मचारी उपलब्ध नहीं कराए गए हैं, जिससे पूरे क्षेत्र की सफाई व्यवस्था चरमरा गई है और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
धरने के दौरान पार्षद देवेंद्र कुमार ने कहा कि उन्होंने बीते एक माह के दौरान कई बार नगर परिषद प्रशासन और ईओ जोगेंद्र सिंह कालीरमना से वार्ड में पर्याप्त सफाई कर्मचारी तैनात करने की मांग की, लेकिन उनकी शिकायतों पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि प्रशासन की उदासीनता के कारण वार्ड में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं और नालियों की नियमित सफाई भी नहीं हो पा रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सफाई व्यवस्था बिगड़ने से क्षेत्र में गंदगी बढ़ रही है, जिससे आम लोगों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी लगातार शिकायतें कर रहे हैं, लेकिन नगर परिषद की ओर से समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
पार्षद ने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते उन्होंने प्रशासन के समक्ष कई बार वार्डवासियों की समस्याएं रखीं, लेकिन जब बार-बार अनुरोध और शिकायतों के बावजूद भी कोई सुनवाई नहीं हुई तो उन्हें मजबूर होकर धरने का रास्ता अपनाना पड़ा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन किसी व्यक्तिगत कारण से नहीं, बल्कि वार्ड के लोगों की मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर किया जा रहा है।
देवेंद्र कुमार ने चेतावनी दी कि जब तक वार्ड में पर्याप्त सफाई कर्मचारी तैनात नहीं किए जाते और सफाई व्यवस्था सुचारु रूप से बहाल नहीं होती, तब तक उनका धरना लगातार जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला