नारनौल में कांग्रेस का प्रदर्शन, पेपर लीक दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
नारनाैल, 24 जुलाई (हि.स.)। नारनौल में शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए घटनाक्रम, राहुल गांधी की गिरफ्तारी और पेपर लीक मामलों के विरोध में प्रदर्शन किया। पूर्व विधायक राव दान सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता शहर की चितवन वाटिका से एकत्र होकर उपायुक्त कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने एडीसी तरुण कुमार को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ता सुबह करीब साढ़े दस बजे से चितवन वाटिका में जुटने लगे थे। सभा को संबोधित करते हुए राव दान सिंह ने कहा कि लगातार हो रही पेपर लीक की घटनाओं से करोड़ों युवाओं का भविष्य दांव पर लग गया है। परीक्षाओं की पारदर्शिता सुनिश्चित करना और युवाओं के भविष्य की रक्षा करना सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन इस दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने राहुल गांधी के हालिया विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई गिरफ्तारी का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके साथ किया गया व्यवहार लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप नहीं था। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस दौरान कांग्रेस नेता अक्षत राव, चंद्रप्रकाश एडवोकेट और पूर्व जज राकेश यादव ने मांग की कि पेपर लीक मामलों में शामिल सभी दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही शिक्षा मंत्री नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दें और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए मजबूत व्यवस्था लागू की जाए।
नेताओं ने आंदोलन के दौरान छात्रों और युवाओं पर दर्ज मामलों को वापस लेने की भी मांग उठाई। उन्होंने कहा कि यदि प्रदर्शन के दौरान युवाओं पर किसी प्रकार का लाठीचार्ज या ज्यादती हुई है तो उसकी निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला