नारनौल में नशे के खिलाफ बिगुल, नशे के सौदागरों पर होगी सामूहिक नजर

 


लोगों ने वार्ड को नशामुक्त बनाने का लिया संकल्प, पुलिस भी साथ आई

नारनाैल, 19 सितंबर (हि.स.)। नारनौल में नशे के खिलाफ दो दिन पहले सिटी थाना में हंगामा करने वाले मोहल्ला बड़ा बाग के लोगों ने अब अपने वार्ड को नशामुक्त बनाने के लिए सामूहिक अभियान चलाने का फैसला लिया है। शुक्रवार शाम को आयोजित बैठक में क्षेत्रवासियों ने अवैध रूप से शराब, चिट्टा, भुक्की, अफीम सहित अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए मिलकर प्रयास करने का संकल्प लिया।

बैठक की अध्यक्षता गौशाला के पूर्व प्रधान सुरेश यादव ने की। इस दौरान पूर्व पार्षद राम सिंह सैनी सहित वार्ड के अनेक लोग मौजूद रहे। बैठक में लोगों ने कहा कि क्षेत्र में नशीले पदार्थों की बिक्री और सेवन को रोकने के लिए सभी को एकजुट होकर काम करना होगा। इसके लिए लोगों को जागरूक करने के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर भी नजर रखी जाएगी।

क्षेत्रवासियों ने कहा कि जो लोग किसी भी प्रकार के नशे का सेवन कर रहे हैं, उन्हें समझाकर नशा छोड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा। नशे की लत से बाहर निकलने के इच्छुक लोगों की हरसंभव मदद करने पर भी सहमति बनी, ताकि वे सामान्य जीवन की ओर लौट सकें। बैठक के दौरान सिटी थाना पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी ने क्षेत्रवासियों को आश्वासन दिया कि नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस की ओर से पूरा सहयोग किया जाएगा। लोगों ने पुलिस के साथ मिलकर नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करवाने की बात कही।

बैठक में वार्ड के लोगों ने एक वॉट्सऐप ग्रुप बनाने का निर्णय भी लिया। इस ग्रुप के माध्यम से क्षेत्र में नशीले पदार्थों की बिक्री और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी साझा की जाएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर पुलिस को सूचना दी जाएगी। क्षेत्रवासियों ने कहा कि अभियान का उद्देश्य किसी व्यक्ति को परेशान करना नहीं, बल्कि नशे के कारोबार पर रोक लगाकर युवाओं को सुरक्षित और नशामुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला