नारनौल : मुख्यमंत्री की सभा में युवक ने लहराया न्याय पोस्टर

 


कार्यक्रम के दौरान युवक और महिला ने मुख्यमंत्री से लगाई गुहार

नारनाैल, 08 जून (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नारनौल दौरे के दौरान सोमवार को उस समय सभा स्थल पर हंगामा हो गया, जब एक युवक ने भीड़ के बीच खड़े होकर न्याय की मांग करते हुए पोस्टर लहरा दिया। इसी दौरान एक महिला ने भी अपनी समस्या को लेकर मुख्यमंत्री से गुहार लगाई। घटना भाजपा के जिला कार्यालय ‘नमो कमल’ के उद्घाटन कार्यक्रम के बाद आयोजित जनसभा के दौरान हुई।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भाजपा के नए जिला कार्यालय के उद्घाटन के बाद कार्यकर्ताओं और आमजन को संबोधित करने पहुंचे थे। सभा स्थल पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। मुख्यमंत्री के संबोधन के बीच अचानक सुभाष स्टेडियम क्षेत्र निवासी अमित सैनी भीड़ के बीच से खड़ा हो गया और अपने हाथ में पकड़ा पोस्टर लहराने लगा। पोस्टर पर बड़े अक्षरों में ‘सीएम साहब मुझे न्याय दिलाओ’ लिखा हुआ था। युवक का कहना था कि वह लंबे समय से अपनी समस्या के समाधान के लिए प्रयास कर रहा है और अपनी बात सीधे मुख्यमंत्री तक पहुंचाना चाहता था।

इसी उद्देश्य से वह कार्यक्रम में शामिल हुआ और न्याय की मांग को लेकर पोस्टर दिखाया। युवक द्वारा पोस्टर लहराए जाने के बाद कुछ देर के लिए सभा स्थल पर लोगों का ध्यान उसकी ओर केंद्रित हो गया। मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थिति को संभाला और युवक से बातचीत कर उसकी समस्या जानने का प्रयास किया। हालांकि कार्यक्रम की व्यवस्था प्रभावित नहीं हुई और मुख्यमंत्री का संबोधन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रहा।

इसी दौरान एक महिला ने भी अपनी व्यक्तिगत समस्या को लेकर मुख्यमंत्री से मदद की अपील की। महिला ने अपनी शिकायत संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने की मांग की। कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों ने महिला की बात सुनी और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। सभा में हुई इस घटना ने कुछ समय के लिए लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला