नारनौल में कार की टक्कर से ऑटो पलटा, एक महिला की मौत, ग्यारह लोग घायल
नारनाैल, 02 मार्च (हि.स.)। हरियाणा के महेन्द्रगढ़ के नारनौल में सिंघाना रोड पर सोमवार को कार और ऑटो की टक्कर हो गई। जिससे ऑटो संतुलन खोकर पलट गया। जिसके बाद वहां पर चीख पुकार मच गई। इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई, वहीं एक साल का छोटा बच्चा समेत ग्यारह लोग घायल हो गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने कार को अपने कब्जे में लेकर जांच आरंभ कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गांव पटीकरा से लोग ऑटो में सवार होकर नेशनल हाईवे नंबर 11 से होते हुए गांव बापडोली जा रहे थे। गांव हमीदपुर के पास बापडोली गांव की ओर जाने के लिए जैसे ही ऑटो चालक ने सर्विस रोड के लिए ऑटो को मोड़ा तो बस स्टैंड के पास ही सामने से आ रही एक कार से उनकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो चालक वाहन से अपना संतुलन खो बैठा और ऑटो पलट गया। जिसके बाद वहां पर चीख पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने इसकी सूचना तुरंत एम्बुलेंस व पुलिस को दी। वहीं कार भी डिवाइडर से जा टकराई। जिसके एयर बैलुन खुलने से उसमें सवार सुरक्षित रहे। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची एम्बुलेंस व पुलिस ने सभी घायलों को ऑटो के नीचे से निकाला तथा उनको नागरिक अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचाया। जहां पर डाक्टरों ने गांव पटीकरा निवासी रेश्मा देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं इस हादसे में मोनिका, अशोक, सुमन, ललिता, शशीबाला, लूलीया, जयराम, मौसम, सरोज, नियांशी तथा एक साल का छोटा बच्चा घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटना करने वाली कार को अपने कब्जे में लेकर जांच आरंभ कर दी हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला