नारनौलः बस स्टैण्ड पर मिला शव, पुलिस जांच में जुटी

 


नारनाैल, 30 अप्रैल (हि.स.)। जिले के नांगल चौधरी बस स्टेंड स्थित तिबारा में एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। जैसे ही लोगों को घटना की जानकारी मिली, बस अड्डे पर भारी संख्या में भीड़ जुट गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक पिछले दो से तीन दिनों से बस स्टैंड परिसर और उसके आसपास घूमता हुआ दिखाई दे रहा था। गुरुवार सुबह जब कुछ लोग तिबारे के पास पहुंचे तो उन्होंने व्यक्ति को जमीन पर पड़ा देखा। पास जाकर देखने पर पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं। साथ ही घटनास्थल से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।

थाना प्रभारी भगत सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया । उन्होंने कहा कि फिलहाल मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक स्थिति सामने आएगी। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है, ताकि जल्द से जल्द सच्चाई सामने लाई जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला