महेंद्रगढ़ के 14 गांवों में बनेंगे बस क्यू शेल्टर, यात्रियों को मिलेगी राहत
37.10 लाख रुपये होंगे खर्च, तीन माह में निर्माण पूरा करने का लक्ष्य
नारनाैल, 18 जुलाई (हि.स.)। महेंद्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र के 14 गांवों में जल्द ही बस क्यू शेल्टर बनाए जाएंगे। इस परियोजना पर 37 लाख 10 हजार रुपये की लागत आएगी। इन शेल्टरों के निर्माण से हजारों ग्रामीण यात्रियों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों, महिलाओं और बुजुर्गों को बसों का इंतजार करने के दौरान बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। विधायक कंवर सिंह यादव ने शनिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि ग्रामीण लंबे समय से बस स्टैंडों पर बैठने तथा धूप, बारिश और सर्दी से बचाव की उचित व्यवस्था की मांग कर रहे थे। सरकार ने उनकी मांग को स्वीकार करते हुए 14 गांवों में बस क्यू शेल्टर बनाने की मंजूरी प्रदान कर दी है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद यात्रियों को खुले आसमान के नीचे बसों का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि बस क्यू शेल्टरों का निर्माण कार्य लगभग तीन माह में पूरा कर लिया जाएगा।
योजना के तहत बांस खुड़ाना, भूरजट, भांडोर नीची, गुलावला, भालखी, पथरवा, निम्भेहड़ा, बलायच, खातोद, आदलपुर, पालड़ी, भगड़ाना, जोनावास और नांगल सिरोही गांवों के बस स्टैंडों पर आधुनिक बस क्यू शेल्टर बनाए जाएंगे। इन गांवों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करते हैं।
विधायक कंवर सिंह यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का लगातार विस्तार कर रही है। सड़क, पेयजल, सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन जैसी मूलभूत सेवाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन व्यवस्था की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। नई सुविधाओं से ग्रामीणों की दैनिक यात्रा अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और आरामदायक बनेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला