नारनौल में सात हजार की रिश्वत लेते पटवारी रंगे हाथ गिरफ्तार
इंतकाल चढ़ाने के नाम पर मांगी थी 10 हजार की घूस, पहले ही ले चुका था तीन हजार
नारनाैल, 16 अप्रैल (हि.स.)। नारनौल में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पटवारी को सात हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान प्रदीप के रूप में हुई हैए जो जमीन से जुड़े कार्य के बदले रिश्वत मांग रहा था।
एसीबी के प्रभारी इंस्पेक्टर जयपाल सिंह ने बताया कि ओमप्रकाश नामक व्यक्ति ने इस संबंध में लिखित शिकायत दी थी। शिकायत के अनुसार, वह अपनी जमीन का इंतकाल (दाखिल-खारिज) चढ़वाने के लिए कंसोलिडेटेड ऑफिस में तैनात पटवारी प्रदीप के पास गया था। इस दौरान आरोपी ने काम करने के एवज में 10 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की। पीड़ित ने बताया कि पटवारी पहले ही तीन हजार रुपये ले चुका था और बाकी सात हजार रुपये शाम को लाने के लिए कहा गया था। रिश्वत की मांग से परेशान होकर ओमप्रकाश ने एसीबी से संपर्क किया और पूरे मामले की जानकारी दी। शिकायत मिलते ही एसीबी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। इंस्पेक्टर जयपाल सिंह के नेतृत्व में टीम ने मौके पर छापा मारा और आरोपी पटवारी को सात हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ काबू कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। एसीबी अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला