नारनौल में पांच हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार
पुलिस को धक्का देकर भागा, घायल होने के बाद दोबारा दबोचा, पिस्टल और लोहे की रॉड बरामद
नारनाैल, 16 जुलाई (हि.स.)। सीआईए नारनाैल की टीम ने नसीबपुर जानलेवा हमला मामले में लंबे समय से फरार चल रहे पांच हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी को हथियारों की बरामदगी के लिए राजस्थान ले जाया गया, जहां उसने पुलिस कर्मियों को धक्का देकर भागने का प्रयास किया। हालांकि भागते समय उसका पैर पत्थर पर फिसल गया, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे दोबारा काबू कर लिया।
पुलिस प्रवक्ता नरेश यादव ने गुरूवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान गांव खायरा निवासी बब्बू के रूप में हुई है। सीआईए महेंद्रगढ़ की टीम ने उसे 14 जुलाई को राजस्थान के काठुवास टोल प्लाजा क्षेत्र से गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार आरोपी नसीबपुर जानलेवा हमला मामले की साजिश में मुख्य रूप से शामिल था और लंबे समय से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित था।
15 जुलाई को आरोपी को न्यायालय में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया।
रिमांड के दौरान पुलिस उसे हथियारों की बरामदगी के लिए राजस्थान के सरिस्का क्षेत्र की पहाड़ियों में लेकर गई। इसी दौरान उसने पुलिस कर्मियों को धक्का देकर फरार होने का प्रयास किया, लेकिन पैर फिसलने से घायल हो गया। बाद में उसे उपचार के लिए विराट नगर (अलवर) के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने एक अवैध पिस्टल और एक लोहे की रॉड बरामद की है।
गौरतलब है कि डोहर कलां निवासी नरेंद्र ने थाना शहर नारनौल में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके भाई विक्रांत डोहर पर बाबा जेठू वाला मंदिर के पास लोहे की रॉड, डंडों और अवैध हथियारों से जानलेवा हमला किया गया था। घटना के बाद पुलिस और सीन ऑफ क्राइम टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए थे। इस मामले में अब तक पुलिस 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी और अब इनामी आरोपी की गिरफ्तारी के साथ जांच को और मजबूती मिली है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला