नारनौल में बाइक की टक्कर से व्यक्ति व गाय की मौत
नारनाैल, 03 अप्रैल (हि.स.)। जिले के नांगल चौधरी क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति और एक गाय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उच्च केंद्र रेफर कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नांगल चौधरी निवासी रमेश सैनी देर शाम अपना निजी कार्य निपटाकर नेशनल हाईवे-148बी के रास्ते घर लौट रहे थे। उनके साथ बुलेट बाइक पर उनका एक परिचित भी सवार था। जब वे सिरोही बहाली टोल प्लाजा से पहले नारनौल की तरफ से नांगल चौधरी की ओर आ रहे थे, तभी अचानक सड़क पर एक गाय आ गई।अंधेरा और तेज रफ्तार के कारण बाइक चालक को संभलने का मौका नहीं मिला और बाइक सीधा गाय से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रमेश सैनी और गाय की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक पर सवार दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने तुरंत घायल को नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे रेफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि करीब डेढ़ वर्ष पहले इसी बुलेट बाइक से एक अन्य हादसे में रमेश सैनी के जवान बेटे की भी मौत हो गई थीए जब वह कबाड़ी की दुकान के पास लोहे की पाइप से टकरा गया था। घटना की सूचना मिलते ही नांगल चौधरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला