नारनौल में सीजेएम ने मोबाइल लीगल एड जागरूकता वैन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
नारनौल, 05 मार्च (हि.स.)। नारनौल में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी नीलम कुमारी ने एडीआर सेंटर से जागरूकता मोबाइल प्रचार वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सीजेएम नीलम कुमारी ने गुरुवार को कहा कि यह वैन जिले के दूर-दराज के गांवों में जाकर लोगों को जागरूक करेगी। वैन के माध्यम से निशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत, मध्यस्थता, महिला एवं बाल अधिकार, वरिष्ठ नागरिकों के अलावा नालसा व हालसा की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि वैन के साथ पैनल अधिवक्ता भी मौजूद रहेंगे जो गांवों में जागरूकता कैंप लगाकर ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान बताएंगे।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य न्याय को सरल और सुलभ बनाना है। उन्होंने कहा कि यह वन प्रतिदिन दो गांवों को कवर करेगी। ग्रामीणों को राष्ट्रीय विधिक सहायता हेल्पलाइन नंबर 15100, डीएलएसए की कार्य प्रणाली और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में बताया जाएगा।
लोक अदालत में आपसी सहमति से अपने केसों का करवाएं निपटारा
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी नीलम कुमारी ने बताया कि आगामी 14 मार्च को नारनौल, महेंद्रगढ़ व कनीना में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इस लोक अदालत में पारिवारिक विवाद, चेक बाउंस, सड़क दुर्घटना दावे एवं अन्य आपसी विवादों का आपसी समझौते से निपटारा किया जाएगा। उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि वे लोक अदालत में अधिक से अधिक अपने केस से संबंधित फाइल लगवाकर आपसी सहमति से अपने केसों का निपटारा करवाएं।
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला