नारनाैल में पानी भरने गई नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म का प्रयास, आरोपी फरार

 




मां के मौके पर पहुंचने पर आरोपी किशोरी को छोड़कर भागा, पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज

नारनाैल, 04 सितंबर (हि.स.)। नांगल चौधरी थाना क्षेत्र के एक गांव में 14 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ रेप के प्रयास का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव का ही एक युवक किशोरी को जबरन खींचकर खेत में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। इसी दौरान किशोरी की मां मौके पर पहुंच गई, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गया। पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में किशोरी की मां ने बताया कि उसकी 14 वर्षीय बेटी गुरुवार शाम गांव में पानी भरने के लिए गई थी। इसी दौरान गांव का एक युवक वहां पहुंचा और कथित तौर पर किशोरी को जबरन खींचकर पास के खेत में ले गया। आरोप है कि युवक ने किशोरी का मुंह दबा दिया और उसके कपड़े उतारकर उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया।

इसी बीच किशोरी की मां भी पानी भरने के लिए बेटी के पीछे-पीछे वहां पहुंच गई। मां को अचानक मौके पर आता देखकर आरोपी घबरा गया और किशोरी को वहीं छोड़कर फरार हो गया। घटना के बाद किशोरी ने अपनी मां को पूरी बात बताई। मां ने तुरंत अपने पति को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिवार नांगल चौधरी थाना पहुंचा और आरोपी के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस ने पीड़िता के बयान और अन्य तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला