नारनाैल में आंगनबाड़ी से गर्भवती महिला को मिला फफूंदी लगा पोषाहार

 


चनों में फफूंदी मिलने का आरोप, परिवार ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर किया वायरल

नारनाैल, 21 सितंबर (हि.स.)। जिले के गांव कांवी स्थित आंगनबाड़ी केंद्र से गर्भवती महिला को दिए गए पोषाहार में फफूंदी मिलने का मामला सामने आया है। महिला के पति विशाल कांवी ने आरोप लगाया कि आंगनबाड़ी केंद्र से मिले चने खराब थे और उनमें फफूंदी लगी हुई थी। परिवार ने खराब चनों का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाला, जो सोमवार को वायरल हो गया। इसके बाद आंगनबाड़ी केंद्र से वितरित किए जाने वाले पोषाहार की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

विशाल कांवी ने बताया कि उनकी पत्नी गर्भवती है और उसका आठवां महीना चल रहा है। वह हर महीने आंगनबाड़ी केंद्र से मिलने वाला पोषाहार लेने जाती है। सोमवार को भी वह पोषाहार लेने के लिए केंद्र पहुंची थी। वहां से उसे खाने के लिए चावल, चॉकलेट, चने और खील दिए गए। घर पहुंचने के बाद परिवार के सदस्यों ने जब पोषाहार की जांच की तो चनों में फफूंदी लगी हुई दिखाई दी।

विशाल के अनुसार चने खाने योग्य स्थिति में नहीं थे। इसके बाद परिवार ने खराब चनों का वीडियो बनाया। वीडियो में चनों पर फफूंदी दिखाई देने का दावा किया गया है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। लोगों ने गर्भवती महिलाओं और बच्चों को दिए जाने वाले पोषाहार की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग उठाई है।

वहीं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गायत्री देवी ने बताया कि उनके केंद्र पर अलग से चनों की सप्लाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि खील के अंदर जो चने हैं, उनका स्टॉक करीब तीन दिन पहले ही केंद्र पर आया था। कार्यकर्ता के अनुसार केंद्र पर उपलब्ध सामग्री के अनुसार ही लाभार्थियों को पोषाहार वितरित किया गया है। मामले में संबंधित विभाग की ओर से जांच किए जाने के बाद ही पोषाहार की गुणवत्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला