नारनौल में सवा चार करोड़ से बने पांच अमृत सरोवर, मुख्यमंत्री ने किया लोकार्पण
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से प्रदेश की सात परियोजनाओं का शुभारंभ, स्थानीय स्तर पर विधायकों ने किया उद्घाटन
नारनाैल, 01 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को नारायणगढ़ की नई अनाज मंडी से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला महेंद्रगढ़ के पांच अमृत सरोवरों सहित प्रदेशभर में 114 करोड़ रुपये की सात विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव भी कार्यक्रम में मौजूद रहीं। जिला स्तर पर पंचायत भवन में आयोजित कार्यक्रम में नारनौल के विधायक ओमप्रकाश यादव और महेंद्रगढ़ के विधायक कंवर सिंह यादव ने अमृत सरोवरों का स्थानीय स्तर पर उद्घाटन किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने एलईडी स्क्रीन के माध्यम से मुख्यमंत्री का संबोधन भी सुना।
विधायक ओमप्रकाश यादव ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार प्रदेश में मजबूत आधारभूत ढांचा विकसित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए अमृत सरोवर योजना महत्वपूर्ण साबित हो रही है।
महेंद्रगढ़ के विधायक कंवर सिंह यादव ने कहा कि अमृत सरोवर गांवों में आकर्षण का केंद्र बनने के साथ-साथ जल संरक्षण और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने में भी अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार का लक्ष्य प्रदेश के सभी गांवों के जोहड़ों का कायाकल्प कर उन्हें उपयोगी और सुंदर बनाना है।
जिले में करीब 4 करोड़ 15 लाख रुपये की लागत से तैयार किए गए पांच अमृत सरोवरों का उद्घाटन किया गया। इनमें गणियार स्थित हनुमान मंदिर अमृत सरोवर (एक करोड़ 82 लाख रुपये), धनौंदा के खाण्डरी वाला अमृत सरोवर (47 लाख 84 हजार रुपये), खातौली जाट के बाबा वाला अमृत सरोवर (59 लाख रुपये), उमराबाद के बास किरारोद अमृत सरोवर (72 लाख 41 हखार रुपये) तथा जड़वा की ढाणी के अमृत सरोवर (53 लाख 71 हखार रुपये) शामिल हैं।
इस माैके पर जिला परिषद के सीईओ निर्मल नागर, पंचायती राज विभाग के एक्सईएन रमेश, बीडीपीओ रेनूलता यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि माैजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला