नारनौल में खैरथल पार्षद ने बंधक बनाने का लगाया गंभीर आरोप
चुनाव में मतदान से रोकने का दावा, पुलिस ने मोबाइल डंप और सीसीटीवी जांच शुरू की
नारनाैल, 25 सितंबर (हि.स.)। राजस्थान के अलवर जिले की खैरथल नगर परिषद के चेयरपर्सन चुनाव के बीच एक महिला पार्षद ने नारनौल के पास बदमाशों द्वारा बंधक बनाए जाने का आरोप लगाया है। खैरथल की निर्दलीय पार्षद जरीना ने इस संबंध में शुक्रवार काे नारनौल शहर थाना पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
नारनौल थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि खैरथल के पार्षद और अन्य लोग उनसे मिले थे। पार्षद की ओर से जिन स्थानों की लोकेशन बताई जाएगी, वहां के मोबाइल डंप और सीसीटीवी फुटेज निकलवाकर जांच की जा रही है। जरीना के अनुसार 20 सितंबर की रात वह चंडीगढ़ से इनोवा कार में खैरथल लौट रही थीं। रात करीब आठ बजे नारनौल के पास उन्हें कई बोलेरो गाड़ियां दिखाई दीं। इसके बाद एक सफेद फॉर्च्यूनर ने उनकी कार का पीछा किया। उनका आरोप है कि नारनौल की एक गली में काली स्कॉर्पियो से उनकी कार का रास्ता रोकने का प्रयास किया गया। वह बाजार की तरफ निकल गईं, लेकिन कुछ देर बाद कई गाड़ियों ने उनकी कार को घेर लिया।
जरीना का दावा है कि इस दौरान उनके साथ मौजूद दो लोगों को कार से बाहर खींचकर मारपीट की गई और दूसरी गाड़ी में बैठा लिया गया। इसके बाद उन्हें भी एक फार्म हाउस ले जाया गया, जहां चुनाव और मतदान पूरा होने तक बंधक बनाकर रखने का आरोप है। उन्होंने इसे एक प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने से रोकने की कोशिश बताया। जरीना ने बताया कि बुधवार को वह मुंडावर विधायक ललित यादव और सभापति पद के प्रत्याशी ओमप्रकाश रोघा के साथ खैरथल थाने पहुंचीं। कांग्रेस नेताओं ने जीरो एफआईआर दर्ज करने की मांग की। बाद में घटना नारनौल क्षेत्र की होने के चलते जरीना ने नारनौल शहर थाने में शिकायत दी। पुलिस अब सीसीटीवी और मोबाइल डंप के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला