नारनौलः केंद्रीय विश्वविद्यालय में स्नातकोत्तर प्रवेश आवेदन तिथि बढ़ी, 19 जून तक मौका
नारनाैल, 12 जून (हि.स.)। हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेवि) महेंद्रगढ़ में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के स्नातकोत्तर (पीजी) कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। अब इच्छुक अभ्यर्थी 19 जून 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। इससे पहले आवेदन की अंतिम तिथि 12 जून निर्धारित की गई थी। विश्वविद्यालय प्रशासन के इस निर्णय से उन विद्यार्थियों को राहत मिलेगी जो किसी कारणवश निर्धारित समय में आवेदन नहीं कर पाए थे।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो टंकेशवर कुमार ने शुक्रवार को कहा कि आवेदन तिथि बढ़ाने का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र विद्यार्थियों को प्रवेश प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है और यह निर्णय विद्यार्थियों के हित को ध्यान में रखकर लिया गया है।
विश्वविद्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार ऑनलाइन पंजीकरण फॉर्म में संशोधन के लिए करेक्शन विंडो 20 और 21 जून को खुली रहेगी। इस दौरान अभ्यर्थी अपने आवेदन पत्र में हुई त्रुटियों को सुधार सकेंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों से करेक्शन विंडो का लाभ उठाकर सभी विवरणों की सावधानीपूर्वक जांच करने की अपील की है।
विश्वविद्यालय की दाखिला समिति के सदस्य डॉ सुमित कुमार ने बताया कि सीयूईटी-2026 के माध्यम से संचालित 43 स्नातकोत्तर कार्यक्रमों में कुल 1457 सीटों पर प्रवेश दिए जाएंगे। सीयूईटी परिणाम घोषित होने के बाद प्रवेश प्रक्रिया शुरू की गई है। उन्होंने बताया कि पंजीकरण प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद मेरिट सूची जारी की जाएगी। डॉ सुमित कुमार के अनुसार पहली काउंसलिंग की श्रेणीवार मेरिट सूची 23 जून को जारी की जाएगी। इसके आधार पर संबंधित कार्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं तथा विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला