नारनाैल में बिना पुलिस वेरिफिकेशन किरायेदार रखने पर होगी कार्रवाई

 


नारनाैल, 24 नवंबर (हि.स.)। जिले में अब मकान, दुकान या अन्य परिसर में बिना पुलिस वेरिफिकेशन किरायेदार रखना भारी पड़ सकता है। पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार ने सभी मकान मालिकों और आमजन से किरायेदार रखने से पहले उसका पुलिस सत्यापन करवाने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना पुलिस वेरिफिकेशन किरायेदार रखने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। किरायेदार का सत्यापन ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से करवाया जा सकता है।

पुलिस अधीक्षक ने मंगलवार को बताया कि किरायेदार की पहचान और पृष्ठभूमि का सत्यापन करवाना केवल मकान मालिक की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की सुरक्षा के लिहाज से भी बेहद जरूरी है। पुलिस वेरिफिकेशन महज औपचारिक प्रक्रिया नहीं है, बल्कि अपराधों की रोकथाम और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने बताया कि कई बार आपराधिक प्रवृत्ति के लोग दूसरे शहरों और राज्यों में वारदात करने के बाद अपनी पहचान छिपाकर अन्य स्थानों पर किराये के मकानों में रहने लगते हैं। ऐसे में मकान मालिक द्वारा पुलिस सत्यापन नहीं करवाने पर संबंधित व्यक्ति की वास्तविक पहचान, स्थायी पता और आपराधिक पृष्ठभूमि का पता लगाना मुश्किल हो जाता है।

एसपी ने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व किराये के मकानों का इस्तेमाल आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने, वारदातों की रेकी करने और अपराध की योजना बनाने के लिए भी कर सकते हैं। समय पर पुलिस वेरिफिकेशन होने से ऐसे संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान करने और उनकी गतिविधियों पर नजर रखने में पुलिस को मदद मिलती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल किरायेदार का पहचान पत्र लेना पर्याप्त नहीं है। मकान मालिक को संबंधित पुलिस थाने में निर्धारित प्रक्रिया के तहत सत्यापन करवाकर जरूरी रिकॉर्ड उपलब्ध करवाना होगा। इससे संभावित आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने में मदद मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला