नारनाैल में अवैध पार्किंग करने वालों पर होगी कार्रवाई : एसपी दीपक कुमार

 


नारनाैल, 31 अक्टूबर (हि.स.)। त्योहारों के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और वाहनों की आवाजाही को देखते हुए यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए जिला पुलिस ने तैयारी शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार ने शनिवार को यातायात एडवाइजरी जारी कर आमजन से नियमों का पालन करने और खरीदारी के दौरान अनुशासन बनाए रखने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़कों और बाजारों में अवैध पार्किंग कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

एसपी ने कहा कि त्योहारों के समय बाजारों और प्रमुख मार्गों पर भीड़ बढ़ने से जाम की स्थिति बन जाती है। इससे लोगों को परेशानी होने के साथ सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है। ऐसे में नागरिक अनावश्यक भीड़भाड़ से बचें और अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें। सड़कों, बाजारों और चौराहों पर वाहन खड़े करके यातायात बाधित न करें।

एसपी ने कहा कि त्योहार खुशियां बांटने और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का अवसर हैं। खरीदारी के दौरान प्रत्येक व्यक्ति को धैर्य और अनुशासन बनाए रखना चाहिए। अपनी सुरक्षा के साथ दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि जिला पुलिस की प्राथमिकता त्योहारों के दौरान जिले में सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखना है। इसके लिए आमजन का सहयोग बेहद जरूरी है, ताकि सभी लोग बिना किसी परेशानी के त्योहार मना सकें। यातायात नियमों का पालन कर और निर्धारित पार्किंग का उपयोग करके शहर की व्यवस्था बनाए रखने में हर नागरिक अपनी भूमिका निभा सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला