नारनौल में अवैध पानी-सीवर कनेक्शनों पर विभाग सख्त, 15 कनेक्शन काटे

 


विशेष अभियान में अब तक 538 कनेक्शन वैध, 15 अवैध कनेक्शन काटे

नारनाैल, 07 सितंबर (हि.स.)। नारनौल शहर में जल संरक्षण और पानी-सीवर कनेक्शनों को वैध करने के लिए जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत विभाग की टीमें घर-घर जाकर सर्वे कर रही हैं। उपभोक्ताओं को अपने पानी एवं सीवर कनेक्शन वैध करवाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। वहीं, अवैध कनेक्शन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उन्हें काटा जा रहा है।

कार्यकारी अभियंता प्रदीप कुमार ने सोमवार को बताया कि अभियान के तहत विभाग उपभोक्ताओं को कनेक्शन वैध करवाने की सुविधा उपलब्ध करा रहा है। साथ ही टीमें अवैध कनेक्शनों की पहचान कर उन्हें काटने की कार्रवाई भी कर रही हैं। उन्होंने बताया कि कनेक्शन काटने वाली टीम ने भूप कॉलोनी, मोती नगर, वृंदावन कॉलोनी और शिव कॉलोनी में कार्रवाई करते हुए 15 अवैध कनेक्शन काटे हैं।

उन्होंने बताया कि विशेष अभियान के दौरान अब तक नारनौल शहर में पानी के 200 और सीवर के 338 कनेक्शन वैध किए जा चुके हैं। इसके बावजूद शहर में करीब 15 हजार पानी एवं सीवर कनेक्शन अभी भी अवैध रूप से चल रहे हैं। विभाग ने इन कनेक्शनों को वैध करने के लिए हर माह करीब 2500 से 3000 कनेक्शन का लक्ष्य निर्धारित किया है। कार्यकारी अभियंता ने कहा कि जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक अपने पानी और सीवर कनेक्शन वैध नहीं करवाए हैं, उन्हें सर्वे के दौरान चिन्हित किया जा रहा है। ऐसे कनेक्शनों को नियमानुसार काटने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कनेक्शन वैध करने के साथ-साथ अवैध कनेक्शनों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला