नारनौल में गांजा सप्लाई करने वाला आरोपी राजस्थान से गिरफ्तार

 


नारनाैल, 15 नवंबर (हि.स.)। शहर के छोटा-बड़ा तालाब क्षेत्र से गांजा बरामदगी के मामले में सीआईए पुलिस की टीम ने दूसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राजस्थान के झुंझुनू जिले के गांव भालोठ निवासी सुनील कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जिला जेल नसीबपुर भेज दिया गया।

डीएसपी मुख्यालय भारत भूषण ने रविवार को बताया कि सीआईए नारनौल की टीम ने 14 नवंबर को सुनील कुमार को गिरफ्तार किया था। इस मामले में पुलिस पहले ही नारनौल निवासी एक युवक को गांजे के साथ गिरफ्तार कर चुकी है।

उन्होंने बताया कि छह अक्टूबर को सीआईए नारनौल की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि छोटा-बड़ा तालाब क्षेत्र में एक युवक गांजा बेच रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर थैला लेकर खड़े युवक को काबू कर लिया। पूछताछ में उसकी पहचान नारनौल के मोहल्ला फ्रांसखाना निवासी मंगल चौहान के रूप में हुई।

पुलिस ने राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में उसके थैले की तलाशी ली तो उसमें गांजा बरामद हुआ। थैले और पॉलीथिन सहित गांजे का कुल वजन एक किलो 193 ग्राम मिला। पुलिस ने नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर मंगल चौहान के खिलाफ थाना शहर नारनौल में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

डीएसपी के अनुसार, पूछताछ के दौरान मंगल चौहान ने बताया कि उसने गांजा राजस्थान के झुंझुनू जिले के गांव भालोठ निवासी सुनील कुमार से खरीदा था। इसके बाद पुलिस ने सुनील की तलाश शुरू की और 14 नवंबर को उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब गांजे की सप्लाई के स्रोत और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। मामले की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला