नारनाैल : चोरी के सामान समेत दो आरोपी गिरफ्तार
चोरी का सामान बेचने की फिराक में थे आरोपी, पुलिस ने टेम्पो सहित दबाेचा
नारनाैल, 26 अगस्त (हि.स.)। नांगल चौधरी थाना पुलिस ने घर का ताला तोड़कर चोरी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया पूरा सामान बरामद करने के साथ ही वारदात में इस्तेमाल किया गया टेम्पो भी जब्त किया है। दोनों आरोपी चोरी के सामान को बेचने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस टीम ने समय रहते उन्हें पकड़ लिया।
डीएसपी मुख्यालय भारत भूषण ने बुधवार को बताया कि भुंगारका गांव निवासी चंद्रकांत ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उनके पुराने मकान में घरेलू सामान रखा हुआ था। 20 अगस्त को मकान पर ताला लगा हुआ था। 23 अगस्त को जब उन्होंने मकान का निरीक्षण किया तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो घरेलू सामान गायब था।
शिकायत के आधार पर नांगल चौधरी थाने में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद नारनौल निवासी बादल और विकास को एचसी सुरेंद्र कुमार की टीम ने 25 अगस्त को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। जांच में सामने आया कि दोनों चोरी किए गए सामान को बेचने की तैयारी में थे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उनके कब्जे से चोरी किया गया सामान बरामद कर लिया। वारदात में इस्तेमाल किया गया टेम्पो भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी बादल के खिलाफ चोरी से संबंधित 13 मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब मामले में अन्य तथ्यों और संभावित संलिप्तता की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला