नारनाैल: शराब ठेके में चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजा
नारनाैल, 04 सितंबर (हि.स.)। थाना सदर कनीना क्षेत्र के गांव बेवल में शराब ठेके से चोरी करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से अदालत के आदेश पर उसे नसीबपुर जेल भेज दिया गया। डीएसपी डॉ. कविता ने शुक्रवार को बताया कि गांव बेवल स्थित शराब ठेके पर एक सितंबर की रात चोरी हुई थी। मामले में ठेके के सेल्समैन विनोद कुमार ने पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायत के अनुसार, जब सेल्समैन ठेके पर पहुंचा तो अंदर सामान बिखरा हुआ था। जांच करने पर अलग-अलग ब्रांड की 30 से अधिक शराब की बोतलें गायब मिलीं। इसके बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चोरी की वारदात में शामिल आरोपी को दाे सितंबर को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से पूछताछ के लिए एक दिन का पुलिस रिमांड मंजूर हुआ था। रिमांड के दौरान पुलिस ने आरोपी से चोरी की वारदात से जुड़े विभिन्न पहलुओं को लेकर पूछताछ की।
पुलिस ने आरोपी से चोरी की गई शराब, वारदात में इस्तेमाल किए गए साधनों और मामले में शामिल अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाने का प्रयास किया। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद आरोपी को चार सितंबर को दोबारा अदालत में पेश किया गया।
कोर्ट ने पुलिस की कार्रवाई और आरोपी को पेश किए जाने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए। इसके बाद आरोपी को नसीबपुर जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले में चोरी से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला