नारनौल: स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने सेवा ज्योति यात्रा निकाली

 


नारनाैल, 07 अक्टूबर (हि.स.)। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विकसित हरियाणा के निर्माण के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी प्रतिबद्धता से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से सेवा ज्योति यात्रा के माध्यम से विकसित भारत-2047 के निर्माण का सामूहिक संकल्प लेने का आह्वान किया। वह बुधवार को नारनौल के पीजी कॉलेज में आयोजित विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति यात्रा के जिला स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं।

कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम के गायन से हुई। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन बड़ी एलईडी स्क्रीन पर दिखाया गया। गुरुग्राम में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का भी सीधा प्रसारण किया गया, जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मौजूद रहे। जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में भी सेवा ज्योति यात्राएं निकाली गईं।

आरती सिंह राव ने कहा कि सेवा ज्योति यात्रा केवल यात्रा नहीं, बल्कि सेवा और संकल्प की ज्योति को आगे बढ़ाने का अवसर है। उन्होंने कहा कि सरकार ने गरीबों और आम लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए बैंक खाते खोलने, पक्के घर, मुफ्त राशन और आयुष्मान भारत के तहत इलाज जैसी योजनाएं लागू की हैं। महिलाओं के लिए संसद और विधानसभा में एक-तिहाई आरक्षण तथा लखपति दीदी योजना के माध्यम से सशक्तीकरण का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार का लक्ष्य है कि पैसे की कमी के कारण कोई गरीब, बुजुर्ग, महिला या बच्चा इलाज से वंचित न रहे।

स्वास्थ्य मंत्री ने सेवा ज्योति प्रज्वलित कर रेस्ट हाउस से महावीर चौक तक पदयात्रा निकाली और वहां ज्योति स्थापित की। कार्यक्रम में विधायक ओम प्रकाश यादव, पूर्व मंत्री अभय सिंह यादव, पूर्व डिप्टी स्पीकर संतोष यादव सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला