नारनौल में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं, 3723 सिलेंडरों का मजबूत स्टॉकः कैप्टन मनोज कुमार
उपभोक्ताओं को निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित, छोटे सिलेंडर और कमर्शियल सप्लाई भी सुचारू
नारनाैल, 07 अप्रैल (हि.स.)। जिले में रसोई गैस की किसी प्रकार की कमी नहीं है और जिला प्रशासन उपभोक्ताओं को बिना किसी बाधा के गैस उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मंगलवार को यह जानकारी उपायुक्त ने हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक के दौरान दी। इस बैठक में प्रदेश के सभी जिलों के उपायुक्तों के साथ एलपीजी और पीएनजी वितरण व्यवस्था की समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने बताया कि छह अप्रैल तक के आंकड़ों के अनुसार जिले की विभिन्न गैस एजेंसियों के पास कुल तीन हजार सात सौ 23 एलपीजी सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। इसके साथ ही शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में एक ही दिन में तीन हजार दो सौ 93 सिलेंडरों की सफल डिलीवरी सुनिश्चित की गई है, जो प्रशासन की सक्रियता और बेहतर प्रबंधन को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि वितरण प्रणाली को मजबूत बनाए रखने के लिए एजेंसियों को लगातार निर्देश दिए जा रहे हैं, ताकि किसी भी उपभोक्ता को परेशानी का सामना न करना पड़े।
उपायुक्त ने जानकारी दी कि छोटे उपभोक्ताओं और तात्कालिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए जिले के विभिन्न केंद्रों पर पांच किलो वाले 245 भरे हुए सिलेंडर भी स्टॉक में उपलब्ध हैं। इसके अलावा घरेलू उपयोग के साथ-साथ शादी-विवाह और सरकारी आयोजनों के लिए कमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति भी मांग के अनुसार सुचारू रूप से की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला