महेंद्रगढ़ में कार से बीयर की 13 पेटियां बरामद, चालक गिरफ्तार
नारनाैल, 15 नवंबर (हि.स.)। जिले के गांव कोटिया बस स्टैंड के पास पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक सफेद कार से बीयर की 13 पेटियां बरामद की हैं। पुलिस ने कार और बीयर को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की पहचान गांव भुरजट निवासी सुनील के रूप में हुई है। पुलिस ने बीयर के नमूने लेकर जांच शुरू कर दी है।
डीएसपी डॉ. कविता ने रविवार को बताया कि 14 नवंबर को थाना शहर कनीना की टीम को सूचना मिली थी कि कारोली की तरफ से एक सफेद कार में अवैध रूप से शराब लाई जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने गांव कोटिया बस स्टैंड के पास नाकाबंदी कर दी।
कुछ देर बाद कारोली-कोसली रोड की तरफ से पुलिस को एक सफेद कार आती दिखाई दी। पुलिस कर्मचारियों ने चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने कार रोकने के बजाय उसे गाहड़ा रोड की तरफ मोड़ दिया। इस पर पुलिस टीम को शक हुआ और उन्होंने कार का पीछा करना शुरू कर दिया। पुलिस ने कुछ दूरी पर कार को रुकवा लिया। इसके बाद चालक से पूछताछ की गई और कार की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार से बीयर की 13 पेटियां बरामद हुईं। चालक की पहचान गांव भुरजट निवासी सुनील के रूप में हुई।
पुलिस ने बरामद बीयर और कार को कब्जे में ले लिया। इसके अलावा बीयर के नमूने भी लिए गए हैं, ताकि उनकी जांच करवाई जा सके। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। डीएसपी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि बीयर कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला