नारनाैल महाराजा शूरसैनी जयंती पर सीएम सैनी ने दिया शिक्षा का संदेश
सैनी स्कूल भवन के लिए 31 लाख की घोषणा, डी फार्मेसी व नर्सिंग मान्यता का दिया आश्वासन
नारनाैल, 17 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी गुरुवार को नारनौल स्थित सैनी सभा में आयोजित महाराजा शूरसैनी जयंती समारोह में पहुंचे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने समाज की शक्ति को संगठन, संस्कार, शिक्षा, परिश्रम और आत्मसम्मान से जोड़ते हुए युवाओं को शिक्षा और संस्कारों के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने महात्मा ज्योतिबा फुले के विचारों का उल्लेख करते हुए अभिभावकों से बच्चों को नशे से दूर रखने और उन्हें पर्याप्त समय देने की अपील की। उन्होंने कहा कि महापुरुष किसी एक जाति या वर्ग तक सीमित नहीं होते, बल्कि पूरे समाज की धरोहर होते हैं। महाराजा शूरसैनी के आदर्शों और पराक्रम का उल्लेख करते हुए उन्होंने सामाजिक भाईचारा और एकता मजबूत करने का आह्वान किया।
सैनी समाज की ओर से सौंपे गए मांगपत्र पर मुख्यमंत्री ने बहरोड़ रोड स्थित सैनी स्कूल भवन के नवनिर्माण के लिए 31 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की। इसके अलावा डी फार्मेसी और नर्सिंग पाठ्यक्रमों की मान्यता के लिए नियमानुसार प्रक्रिया पूरी करने का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री ने 17 सितंबर को भगवान विश्वकर्मा जयंती और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के कारण विशेष दिन बताया। उन्होंने प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर शुरू किए गए सेवा संकल्प अभियान का भी उल्लेख किया। राज्य सरकार के अनुसार अभियान 17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक चलेगा।
उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के हर वर्ग और क्षेत्र के समान विकास के लिए काम कर रही है। नारनौल और महेंद्रगढ़ में शिक्षा, स्वास्थ्य तथा बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों को गति देने का भरोसा भी दिलाया। इस अवसर पर नारनौल विधायक ओमप्रकाश यादव, नगर परिषद चेयरपर्सन कमलेश सैनी, हरियाणा भूमि सुधार निगम के अध्यक्ष गुरनाम सिंह सैनी, सैनी सभा प्रदेश अध्यक्ष धर्म चौधरी, नांगल चौधरी नगरपालिका अध्यक्ष प्रिया सैनी सहित सभा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला