हिसार में 92 लाख की नाै हजार नशीली गोलियां बरामद, भिवानी का तस्कर गिरफ्तार
एंटी नारकोटिक सेल ने लाडवा मोड़ के पास दबोचा, 1400 रुपये ड्रग मनी और तस्करी
में इस्तेमाल मोटरसाइकिल जब्त
हिसार, 18 नवंबर (हि.स.)। पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए
9 हजार नशीली गोलियों की बड़ी खेप बरामद कर भिवानी निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया
है। एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने साउथ बाईपास पर लाडवा मोड़ के नजदीक मोटरसाइकिल सवार
आरोपी को काबू किया। उसके कब्जे से 1 किलो 152 ग्राम वजन की 9 हजार अल्प्राजोलम गोलियां
बरामद हुई हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 92 लाख 16 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी
से 1400 रुपये ड्रग मनी भी बरामद की है और तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त कर
ली है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान भिवानी निवासी विक्की के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता
ने बुधवार काे बताया कि एंटी नारकोटिक सेल में तैनात सहायक उप निरीक्षक शक्ति सिंह अपनी टीम के साथ
रात्रि गश्त और जांच कर रहे थे। टीम जब बाईपास स्थित घोड़ा चौक पर मौजूद थी तो उन्हें
आरोपी के नशीली गोलियां लेकर आने की गुप्त सूचना मिली। इसके आधार पर पुलिस ने साउथ
बाईपास पर लाडवा मोड़ के पास नाकाबंदी कर मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध को काबू कर लिया।
तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल के दाईं ओर हैंडल पर टंगी टंकी पर रखे हरे और पीले
रंग के थैले से 9 हजार अल्प्राजोलम गोलियां बरामद हुईं। वजन करने पर इनका कुल वजन
1 किलो 152 ग्राम पाया गया। पुलिस ने 1400 रुपये की ड्रग मनी और तस्करी में इस्तेमाल
मोटरसाइकिल भी कब्जे में ले ली। इस संबंध में आरोपी के खिलाफ थाना अर्बन एस्टेट में
मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर