जींद : कलावती में हुआ प्रशासन का रात्रि ठहराव
जींद, 25 मार्च (हि.स.)। डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने सफीदों उपमंडल के गांव कलावती में रात्रि ठहराव कार्यक्रम के दौरान जनसमस्याएं सुनी। रात्रि ठहराव कार्यक्रम में 50 से ज्यादा शिकायतें एवं जनसमस्याएं प्राप्त हुई। इनमें से अधिकतर का मौके पर निपटारा किया गया। यह रात्रि ठहराव कार्यक्रम मंगलवार को गांव के शहीद एसपीओ कप्तान सिंह राजकीय प्राथमिक पाठशाला में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जींद के पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह भी मौजूद रहे।
डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने कहा कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा रात्रि ठहराव कार्यक्रम किए जा रहे हैं। यह एक अच्छी पहल है। जिसमें ग्रामीणों को सीधे जिला प्रशासन के तमाम अधिकारियों से संवाद का बेहतरीन अवसर मिलता है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जनसाधारण से उनके घर द्वार जाकर जनसमस्याएं जानना, समझना और उनका यथासंभव समाधान करना है। डीसी ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा सप्ताह के प्रत्येक सोमवार तथा वीरवार को जिला मुख्यालय एवं उपमंडल स्तर पर समाधान शिविर निरंतर आयोजित किए जा रहे हंै। साथ ही हर महीना जिला के किसी भी चयनित एक गांव में रात्रि ठहराव कार्यक्रम भी आयोजित किया जा रहा है। इन दोनों कार्यक्रमों में सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहते हैं। जिससे ऐसी समस्या जो अंतर विभागीय स्तर की हैए उसका भी निपटान संभव हो जाता है। डीसी ने ग्रामीणों से रूबरू होते हुए कहा कि सरकार व प्रशासन का दायित्व आमजन तक मूलभूत सुविधाएं और सेवाएं पहुंचाना है और इस दिशा में ईमानदारी से प्रयास हो रहा है। उन्होंने ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों तथा ग्राम पंचायतों का आह्वान किया कि वे भी अपने स्तर पर सरकारी योजनाओं की जानकारी रखें और इनका अधिकाधिक लाभ उठाएं। डीसी ने तमाम अधिकारियों को भी सख्त निर्देश दिए कि वे समाधान शिविर और रात्रि ठहराव कार्यक्रम में आने वाली समस्याओं को हल्के में ना लें बल्कि अपनी कार्यकुशलता और विभागीय निपुणता के आधार पर उनका समाधान करना अपनी जिम्मेदारी समझें। डीसी ने यह भी बताया कि इन दोनों कार्यक्रमों की मॉनिटरिंग स्वयं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा की जा रही है। किसी भी समस्या के समाधान में बरती गई कोताही के लिए संबंधित अधिकारी जवाबदेह होगा। डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने बताया कि उपमंडल सफीदों के गांव कलावती में लगभग 50 से अधिक समस्याओं को सुना गया और संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए है।
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा