कैथल: तीन फीट के दूल्हा दुल्हन की जाेड़ी अनाेखी, बने जीवनसाथी
कैथल, 11 मई (हि.स.)। कैथल के गांव चंदाना में एक अनोखी शादी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। करीब 26 वर्षीय विक्रम, जिनका कद लगभग तीन फीट है, का विवाह जींद जिले के गांव हाट निवासी प्रियंका के साथ पूरे रीति-रिवाज के साथ संपन्न हुआ। खास बात यह रही कि दूल्हा-दुल्हन दोनों का कद लगभग समान है, जिस कारण यह शादी लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
विक्रम के कम कद के कारण लंबे समय तक उनका रिश्ता नहीं हो पाया था। परिवार ने अपनी जाति में कई जगह प्रयास किए, लेकिन बात नहीं बन सकी। इसी बीच रिश्तेदारों की मदद से जींद के गांव हाट में प्रियंका का रिश्ता सामने आया, जिनका कद भी विक्रम के बराबर था। इसके बाद दोनों परिवारों की सहमति से रिश्ता तय हुआ और पारंपरिक तरीके से विवाह कर दिया गया।
सीमित लोगों के साथ बारात जींद पहुंची, जहां विवाह की सभी रस्में पूरी की गईं। जब विक्रम अपनी दुल्हन को लेकर गांव चंदाना पहुंचे तो परिवार और ग्रामीणों ने नवविवाहित जोड़े का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान कोई नवदंपति के साथ सेल्फी लेता नजर आया तो कोई उन्हें आशीर्वाद देता दिखा। शादी के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोग भी इस जोड़ी को शुभकामनाएं दे रहे हैं।
विक्रम ने बताया कि वह जागरण मंडली में काम करता है और इस रिश्ते को भगवान की बनाई जोड़ी मानता है। उन्होंने कहा कि वह अपनी पत्नी प्रियंका के साथ खुशहाल जीवन बिताएंगे। वहीं, उनके पिता दर्शन लाल ने बेटे की शादी पर खुशी जताते हुए कहा कि परिवार में नए सदस्य के आने से घर में खुशियां बढ़ गई हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे