अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी शीलू बल्हारा की पत्नी मुस्कान की मौत मामले में नया माेड़, पति समेत चार पर केस

 


डीएसपी बोले, मामले की गहनता से की जा रही जांच पड़ताल

रोहतक, , 01 अगस्त (हि.स.)। गांव बहु अकबरपुर निवासी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी शीलू बल्हारा की पत्नी मुस्कान की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में नया मोड़ सामने आया है। पुलिस ने मृतका के पिता के बयान पर उसके पति शीलू बल्हारा समेत परिवार के चार सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस प्रवक्ता ने शनिवार काे बताया कि पुलिस ने चारों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी शीलू बल्हारा की पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों हुई मौत के मामले में जांच के लिए अलग से टीम बनाई गई है।

मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि मुस्कान ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसकी हत्या की गई है। परिजनों के आरोपों के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। महम के डीएसपी तनुज शर्मा ने बताया कि मृतका के पिता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे मृतका के मायके वालों को सौंप दिया है। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल