हिसार में यातायात व्यवस्था को मिलेगी नई मजबूती, दो नए ट्रैफिक बूथों का किया उद्घाटन
हिसार, 01 जुलाई (हि.स.)। शहर की यातायात व्यवस्था
को अधिक सुचारु, सुरक्षित एवं प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए
पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने जिंदल चौक पर नव-निर्मित ट्रैफिक बूथ का विधिवत उद्घाटन
किया। इसी तरह सहायक पुलिस अधीक्षक मयंक मुद्गिल ने बस स्टेंड के समीप स्थापित नए ट्रैफिक
बूथ का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने बुधवार काे कहा कि शहर में बढ़ते
यातायात दबाव को देखते हुए प्रमुख चौराहों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में ट्रैफिक
प्रबंधन को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा रहा है। नए ट्रैफिक बूथों की स्थापना से यातायात
संचालन अधिक व्यवस्थित होगा, जाम की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण रखने में सहायता मिलेगी
तथा आमजन को बेहतर यातायात सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि इन ट्रैफिक बूथों
के माध्यम से यातायात पुलिसकर्मी प्रमुख स्थानों पर निरंतर निगरानी रख सकेंगे, सड़क
दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए त्वरित कार्रवाई कर सकेंगे तथा जरूरतमंद नागरिकों और यात्रियों
को तत्काल सहायता भी उपलब्ध करा सकेंगे।
पुलिस अधीक्षक ने वाहन चालकों से अपील की कि वे
सड़क सुरक्षा नियमों का पालन अपनी आदत बनाएं।
दोपहिया वाहन चालक हेलमेट तथा चारपहिया
वाहन चालक सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का
उपयोग न करें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें तथा नशे की हालत में वाहन चलाने से
बचें। उन्होंने कहा कि सुरक्षित यातायात केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक
नागरिक का कर्तव्य है। यदि सभी लोग यातायात नियमों का ईमानदारी से पालन करें तो सड़क
दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है।
इस अवसर पर सहायक पुलिस अधीक्षक मयंक मुद्गिल
ने भी कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल नियमों का पालन करवाना नहीं, बल्कि लोगों में
सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है। उन्होंने नागरिकों से सहयोग की अपील
करते हुए कहा कि अनुशासित यातायात से ही सुरक्षित और सुगम आवागमन सुनिश्चित किया जा
सकता है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर