सोनीपत में नई चीनी मिल बनेगी, खाली जमीन पर बनेंगे गोदाम: डा. अरविंद शर्मा

 


सोनीपत, 28 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा

के सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रदेश की सहकारी चीनी मिलों की खाली

जमीन पर गोदाम बनाए जाएंगे और मिलों में एथेनॉल संयंत्र लगाने की प्रक्रिया तेज की

जाएगी। सोनीपत में नई चीनी मिल लगाने की भी तैयारी है। उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाया

कि उनके गन्ने की एक-एक पोरी खरीदी जाएगी और धरने पर बैठे किसानों को परेशान होने की

जरूरत नहीं है।

डॉ.

अरविंद शर्मा बुधवार को राई स्थित एथनिक इंडिया पर्यटन केंद्र में शुगरफेड और प्रदेश

की सहकारी चीनी मिलों के प्रबंध निदेशकों की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक

में आगामी गन्ना पेराई सत्र की तैयारियों, मिलों की आर्थिक स्थिति, उत्पादन क्षमता,

तकनीकी व्यवस्थाओं और किसानों को मिलने वाली सुविधाओं की समीक्षा की गई। सभी मिलों

के प्रबंध निदेशकों ने अपनी प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री

नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार सहकारी चीनी मिलों को आत्मनिर्भर बनाने और किसानों

की आय बढ़ाने के लिए काम कर रही है। मिलों की आय बढ़ाने के लिए चीनी उत्पादन के साथ

दूसरे विकल्प भी तलाशने होंगे। उन्होंने अधिकारियों से एथेनॉल संयंत्र लगाने की तकनीकी

जरूरतों, लागत और आर्थिक व्यवहार्यता पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी। खाली जमीन पर गोदाम

बनाने की संभावनाओं का भी आकलन करने के निर्देश दिए।

डॉ.

अरविंद शर्मा ने शाहाबाद सहकारी चीनी मिल के एथेनॉल संयंत्र से जुड़ी अनियमितताओं को

गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जांच में किसी अधिकारी की

लापरवाही या अनियमितता में संलिप्तता सामने आने पर उसके खिलाफ नियमानुसार विभागीय कार्रवाई

की जाएगी। सरकारी संसाधनों के इस्तेमाल में पारदर्शिता और जवाबदेही जरूरी है तथा लापरवाही

बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मंत्री ने कहा कि बेहतर प्रदर्शन करने वाली चीनी मिलों को

प्रोत्साहित किया जाएगा, जबकि लगातार घाटे में चल रही मिलों की स्थिति की समीक्षा कर

जवाबदेही तय होगी। अधिकारियों को उत्पादन क्षमता बढ़ाने, अनावश्यक खर्चों पर नियंत्रण

रखने और मिलों की आर्थिक स्थिति सुधारने के निर्देश दिए गए। बैठक में सहकारिता

विभाग के प्रधान सचिव पंकज यादव, सहकारी समितियों की रजिस्ट्रार सुभिता ढाका, शुगरफेड

के प्रबंध निदेशक शक्ति सिंह तथा प्रदेश की सहकारी चीनी मिलों के प्रबंध निदेशक और

संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना