हिसार : डीएचबीवीएन में पांच अधीक्षण अभियंता बने मुख्य अभियंता
हिसार, 06 जून (हि.स.)। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) की चेयरपर्सन आशिमा बराड़ ने पांच अधीक्षण अभियंताओं (इलेक्ट्रिकल) की मुख्य अभियंता (इलेक्ट्रिकल) पद पर पदोन्नति को मंजूरी प्रदान कर दी है। बिजली निगम के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने पदोन्नति के साथ ही अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां भी सौंपी हैं।जारी आदेशों के अनुसार इंजीनियर राज कुमार जाजोरिया, प्रदीप कुमार चौहान, अनुपम कटियार, सुरेंद्र सिंह सांगवान तथा फहीम रजा नकवी को मुख्य अभियंता पद पर पदोन्नत किया गया है। पदोन्नति एवं स्थानांतरण के तहत अधिकारियों की नई तैनाती की गई है।निगम प्रवक्ता संजय चुघ ने शनिवार को बताया कि इंजीनियर राज कुमार जाजोरिया को मुख्य अभियंता (मानव संसाधन एवं प्रशासन), डीएचबीवीएन, हिसार नियुक्त किया गया है। इंजीनियर प्रदीप कुमार चौहान को मुख्य अभियंता (ऑपरेशन), डीएचबीवीएन, दिल्ली की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इंजीनियर अनुपम कटियार को मुख्य अभियंता (आईटी), डीएचबीवीएन, हिसार नियुक्त किया गया है। इंजीनियर सुरेंद्र सिंह सांगवान को मुख्य अभियंता, स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट, डीएचबीवीएन, गुरुग्राम का दायित्व दिया गया है। इंजीनियर फहीम रजा नकवी को मुख्य अभियंता (एमएम), डीएचबीवीएन, हिसार नियुक्त किया गया है। इंजीनियर हरि दत्त को मुख्य अभियंता (ऑपरेशन), डीएचबीवीएन, हिसार के पद पर तैनात किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रशासन द्वारा जारी आदेशों के अनुसार सभी पदोन्नत अधिकारी मुख्य अभियंता पद पर कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से एक वर्ष की परिवीक्षा अवधि पर रहेंगे। यह पदोन्नतियां बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की अनुमोदन प्रक्रिया तथा अन्य निर्धारित शर्तों के अधीन रहेंगी। डीएचबीवीएन प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे निर्धारित अवधि के भीतर अपने नए पदों पर कार्यभार ग्रहण कर इसकी रिपोर्ट निगम मुख्यालय को उपलब्ध कराएं।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर