हिसार : युवाओं को चरित्रवान, रोजगारपरक व कौशल युक्त बनाएगी नई शिक्षा नीति : नायब सैनी

 


विश्वस्तरीय शिक्षा देने की दिशा में आगे बढ़ रही सरकार वर्तमान समय की मांग अनुसार विज्ञान, कम्प्यूटर और रोबोटिक्स की आधुनिक प्रयोगशालाएं की जा रही स्थापित

हिसार, 09 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि वर्तमान समय की मांग अनुसार विज्ञान, कम्प्यूटर और रोबोटिक्स की आधुनिक प्रयोगशालाएं विद्यार्थियों के लिए प्रयोग, अनुसंधान और नवाचार के नए द्वार खोलेंगी। इसके साथ ही तकनीक से युक्त कक्षाएं सीखने की प्रक्रिया को युवाओं के लिए रुचिकर बनाएंगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रविवार को यहां ओपी जिंदल मॉडर्न स्कूल में नई शिक्षा सुविधाओं के उद्घाटन समारोह को सम्बोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने स्कूल परिसर में ‘उत्कर्ष’ प्रशासनिक ब्लॉक, ‘उदय’ एसईएन विंग, ‘उद्गम’ स्विमिंग पूल तथा ‘उत्सव’ ऑडिटोरियम का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह समारोह पूर्व मंत्री, महान उद्योगपति, समाजसेवी और राष्ट्र निर्माता स्वर्गीय ओपी जिंदल की 96वीं जयंती के कार्यक्रमों की श्रृंखला की कड़ी में आयोजित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस स्कूल में उपलब्ध आधुनिक सुविधाएं नई पीढ़ी को वर्तमान युग की जरूरतों के अनुसार तैयार करने में उपयोगी साबित होंगी। इस नई शुरुआत के लिए विद्यालय की प्रबंधन समिति और शिक्षक बधाई के पात्र हैं। वर्ष 1997 में शिक्षा के प्रसार में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले स्कूल का नाम ही ओपी जिंदल मॉडर्न वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रखा गया है। इसमें मॉडर्न ढंग, तकनीक और मॉडर्न सोच के साथ, मॉडर्न नागरिक तैयार किये जाते हैं। इसलिए स्व. श्री ओपी जिंदल के सपनों को आगे बढ़ाने का संकल्प लें, यही उनके प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस विद्यालय में स्थापित इनोवेशन हब विशेष रूप से सराहनीय पहल है। प्रत्येक बच्चे के भीतर कोई अनोखी क्षमता, कल्पना और विचार छिपा होता है। उसे ऐसे वातावरण की आवश्यकता होती है, जहां वह अपने विचार व्यक्त कर सके, उन्हें मॉडल और प्रोजेक्ट में बदल सके तथा साथियों और शिक्षकों के साथ समस्याओं का समाधान खोज सके। यह केंद्र विद्यार्थियों की सोच, टीमवर्क, नेतृत्व और समस्या के समाधान जैसी योग्यताओं को सशक्त करेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे शिक्षण संस्थान नई पीढ़ी को 21वीं शताब्दी की जरूरतों के अनुसार तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। साथ ही, नई शिक्षा नीति को व्यावहारिक रूप से लागू करने व विकसित भारत-विकसित हरियाणा के निर्माण में भी इनका बड़ा योगदान होगा। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा, हिसार की विधायक एवं ओपी जिंदल ग्रुप की चेयरपर्सन एमेरिटस सावित्री जिंदल, नलवा विधायक रणधीर पनिहार, हांसी विधायक विनोद भयाणा, सफीदों विधायक रामकुमार गौतम, जिंदल ग्रुप से रतन जिंदल, दीपिका जिंदल, अभ्युदय जिंदल, पूर्व सांसद डॉ. डीपी वत्स, पूर्व मंत्री अनूप धानक, पूर्व विधायक भव्य बिश्नोई, चेयरमैन रवि सैनी, मेयर प्रवीण पोपली, जिलाध्यक्ष आशा खेदड़, हिसार मंडल आयुक्त, गीता भारती, आईजी कुलदीप सिंह, उपायुक्त महेंद्र पाल, एसपी सिद्धांत जैन, अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल, सीटीएम रोहित सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर