यमुनानगर: नेपाली युवक ने फंदा लगाकर दी जान

 


यमुनानगर, 23 जून (हि.स.)। यमुनानगर के रामपुरा क्षेत्र में 18 वर्षीय एक नेपाली युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। युवक का शव किराये के मकान में कमरे के भीतर लटकता मिला है। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला की टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू कर दी।

मृतक की पहचान नेपाल निवासी रमेश धामी पुत्र चंद्र धामी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वह पिछले करीब तीन वर्षों से रामपुरा क्षेत्र में अपने बड़े भाई, भाभी और उनके बच्चों के साथ रह रहा था। जीविकोपार्जन के लिए वह शहर के एक कार वॉशिंग सेंटर में कार्य करता था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह रमेश ने दैनिक कार्य पूरे किए और घर पर ही रुक गया, जबकि परिवार के अन्य सदस्य अपने काम पर चले गए। उस समय घर में केवल उसके भतीजे और भतीजी मौजूद थे। इसी दौरान उसने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

कुछ समय बाद परिजनों के बच्चों ने उसे संदिग्ध अवस्था में देखा और शोर मचाया। सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे तथा पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। पुलिस और एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। रामपुरा चौकी प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि फिलहाल घटनास्थल से कोई ऐसा तथ्य सामने नहीं आया है, जिससे आत्महत्या के स्पष्ट कारणों का पता चल सके। पुलिस परिजनों और परिचितों से पूछताछ कर रही है तथा मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार