जींद : फोन को हैक कर खाते से उड़ाए लाखों, धोखाधड़ी का मामला दर्ज

 


जींद, 29 सितंबर (हि.स.)। साइबर थाना पुलिस ने साइबर ठगों द्वारा एक व्यक्ति के मोबाइल फोन को हैक कर दो लाख 85 हजार रुपये निकालने पर अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हनुमान नगर निवासी रमेश झा ने साइबर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह जींद में मजदूरी करता है। उसका खाता केनरा बैंक में है। जिसके साथ उसका मोबाइल नंबर जुड़ा हुआ है। गत 28 सितंबर को अपने चाचा के पास आया हुआ था। उसने फोन को साइड में रख दिया। कुछ समय के बाद उसने फोन को संभाला तो उसके फोन पर राशि ट्रांसफर होने के संदेश थे। जब तक वह टोल फ्री नंबर पर कॉल कर खाते को बंद करवाता। तब तक उसके खाते से दो लाख 85 हजार 442 रुपये गायब हो चुके थे।

राशि को यूपीआई के माध्यम से ट्रांस्फर किया गया था। उसने हैरानी जताई कि न तो उसके पास कोई ओटीपी आया और न ही किसी लिंक को क्लिक किया। बावजूद इसके उसके खाते से रुपये गायब हो गए। साइबर थाना पुलिस ने रमेश झा की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मंगलवार को जानकारी देते हुए साइबर थाना के जांच अधिकारी नितिन ने बताया कि खाते से राशि गायब होने की शिकायत मिली थी। फिलहाल मामला दर्ज कर लिया गया है व मामले की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा