सोनीपत में नेहा सिंह ने संभाला उपायुक्त पद, प्राथमिकताएं तय
सोनीपत, 21 मार्च (हि.स.)। वर्ष
2015 बैच की आईएएस अधिकारी नेहा सिंह ने सोनीपत के उपायुक्त पद का कार्यभार संभाल लिया है।
पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी पहली प्राथमिकता जनकल्याणकारी
योजनाओं को निर्धारित समय सीमा में प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना और आमजन की
समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना रहेगा।
उपायुक्त
ने शनिवार काे कहा कि प्रशासन की जिम्मेदारी केवल योजनाएं बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनका
पारदर्शी और प्रभावी क्रियान्वयन भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों को
निर्देश दिए कि वे जनसेवा की भावना से कार्य करें और किसी भी समस्या के समाधान में
लापरवाही न बरतें। उन्होंने यह भी कहा कि अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना
ही प्रशासन की सफलता का सही मापदंड है। नेहा सिंह इससे पहले पलवल और कुरुक्षेत्र में
उपायुक्त के रूप में सेवाएं दे चुकी हैं। वहां उन्होंने प्रशासनिक दक्षता, पारदर्शिता
और जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से अपनी अलग पहचान बनाई। उनके अनुभव से
सोनीपत में विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। उन्होंने
अधिकारियों से टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया और कहा कि जिला प्रशासन
का मुख्य उद्देश्य जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी
विभागों के बेहतर समन्वय से सोनीपत को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा। इस
अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन सहित विभिन्न प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना