हिसार : महिला अपराधों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, त्वरित कार्रवाई करें : एसपी सिद्धांत जैन
महिला थाना व हेल्प डेस्क की मासिक समीक्षा बैठक
में लंबित मामलों के समयबद्ध निपटारे के निर्देश
हिसार, 07 अक्टूबर (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत
जैन ने बुधवार काे अधिकारियों और अनुसंधानकर्ताओं को महिला एवं बाल अपराधों से संबंधित शिकायतों
पर संवेदनशीलता के साथ तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने साफ तौर
पर कहा कि महिला अपराधों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन बुधवार को अपने कार्यालय में महिला पुलिस थाना एवं महिला हेल्प
डेस्क की मासिक समीक्षा बैठक लेकर महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम, शिकायतों के निपटारे
और लंबित मामलों की स्थिति की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में डीएसपी वुमेन सेफ्टी, महिला
थाना प्रभारी, जिले की सभी महिला अनुसंधानकर्ता, चाइल्ड प्रोटेक्शन अधिकारी, सेना लिपिक,
प्रभारी सुरक्षा शाखा, प्रभारी शिकायत शाखा तथा प्रभारी दुर्गा शक्ति मौजूद रहे। एसपी
ने कहा कि महिलाओं और बच्चों से संबंधित प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तत्काल
जांच शुरू की जाए। पीड़िता की बात ध्यानपूर्वक सुनी जाए और उसे अनावश्यक रूप से कार्यालय
या थाने के चक्कर न लगवाए जाएं। महिला संबंधी मामलों में पुलिस का व्यवहार संवेदनशील,
सम्मानजनक और पीड़िता की गरिमा के अनुरूप होना चाहिए।
लंबित मामलों का समयबद्ध निपटारा जरूरी
पुलिस अधीक्षक ने महिला थाना और महिला हेल्प डेस्क
से संबंधित लंबित शिकायतों व अनुसंधानाधीन मामलों की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने
निर्देश दिए कि किसी भी मामले को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और प्रत्येक प्रकरण
में तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट
किया कि महिला अपराधों से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही, देरी या उदासीनता
सामने आने पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। एसपी ने महिला
हेल्प डेस्क को और प्रभावी बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि वहां आने वाली महिलाओं
की शिकायतें प्राथमिकता के आधार पर सुनी जाएं और शिकायत की प्रकृति के अनुसार तत्काल
संबंधित थाना व जांच अधिकारी को कार्रवाई के लिए भेजा जाए। शिकायतकर्ता को उसकी शिकायत
पर की जा रही कार्रवाई की जानकारी भी दी जाए।
एसपी सिद्धांत जैन ने दुर्गा शक्ति टीम, महिला
थाना, महिला हेल्प डेस्क और चाइल्ड प्रोटेक्शन अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए
रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूल, कॉलेज, बाजार और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं
व छात्राओं की सुरक्षा को लेकर लगातार निगरानी तथा जागरूकता गतिविधियां जारी रखने को
कहा। एसपी ने कहा कि महिला सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च
प्राथमिकताओं में शामिल है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर