नीट परीक्षार्थियों की मदद को सभी जिलों में बनेंगे हेल्प डेस्क

 

मुख्य सचिव ने राज्य के उपायुक्तों, पुलिस अधीक्षकों के साथ की बैठक

चंडीगढ़, 13 जून (हि.स.)। हरियाणा में आगामी 21 जून को होने वाली नीट की पुन:परीक्षा के दौरान राज्य के सभी जिलों में परीक्षार्थियों की मदद के लिए हेल्प डेस्क बनाए जाएंगे। शनिवार को मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने परीक्षा की तैयारियों तथा सुरक्षा प्रबंधों के संबंध में राज्य के सभी जिला उपायुक्तों के साथ की बैठक की।

बैठक में जिला उपायुक्तों के अलावा, पुलिस अधीक्षक, पुलिस आयुक्त तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी व नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के महानिदेशक अभिषेक सिंह भी मौजूद रहे।

मुख्य सचिव ने सभी उपायुक्तों को निर्देश दिए कि वह हर परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करें और परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता या गड़बड़ी न होने दे। सभी केंद्रों का समय पर निरीक्षण किया जाए ताकि वहां बिजली, पीने के पानी, साफ-सफाई, चिकित्सा सहायता और अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने डिप्टी कमिश्नरों को पुलिस, शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन विभागों के अधिकारियों के साथ तालमेल बनाने के निर्देश दिए ताकि परीक्षा का संचालन सुचारू रूप से हो सके। परीक्षा केंद्रों के आसपास कानून-व्यवस्था बनाए रखने, ट्रैफिक प्रबंधन को प्रभावी बनाने और परीक्षार्थियों को किसी भी तरह की असुविधा न होने देने के लिए विशेष प्रबंध किए जाने चाहिए।

नीट परीक्षा की विश्वसनीयता बनाए रखने पर जोर देते हुए मुख्य सचिव ने कहा कि निष्पक्ष और पारदर्शी प्रक्रिया सुनिश्चित करना सभी संबंधित अधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। बैठक में सुरक्षा उपायों, निगरानी व्यवस्था, परीक्षा केंद्रों पर सुविधाओं और अंतर-विभागीय समन्वय पर भी विस्तृत चर्चा हुई। डिप्टी कमिश्नरों को निर्देश दिए गए कि वे सभी तैयारियां समय से पहले पूरी कर लें ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए जिला प्रशासनों को हेल्प डेस्क स्थापित करने और परीक्षा के समय, रिपोर्टिंग शेड्यूल तथा दिशा-निर्देशों के संबंध में पर्याप्त जन सूचना सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा