हिसार : अनुशासन, मेहनत और धैर्य ही सफलता की कुंजी: सतीश कुमार मिश्रा
तृतीय हरियाणा कन्या बटालियन एनसीसी का 13 दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर
शुरू
हिसार, 22 सितंबर (हि.स.)। तृतीय हरियाणा कन्या बटालियन एनसीसी, हिसार की ओर
से राजगढ़ रोड स्थित हिन्दू पब्लिक स्कूल, चौधरीवास में 13 दिवसीय वार्षिक एनसीसी प्रशिक्षण
शिविर आयोजित किया जा रहा है। शिविर में तृतीय हरियाणा कन्या बटालियन एनसीसी के अंतर्गत
आने वाले विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के 503 छात्रा कैडेट्स तथा रोहतक ग्रुप
के अंतर्गत 11 बटालियनों के 64 छात्र एवं छात्राएं भाग ले रहे हैं।
शिविर के उद्घाटन अवसर पर कैंप कमांडेंट कर्नल सतीश कुमार मिश्रा ने कैडेट्स
को संबोधित करते हुए कहा कि अनुशासन, परिवार, समाज और देश को महान बनाने में महत्वपूर्ण
भूमिका निभाता है। उन्होंने कैडेटों से अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत
और धैर्य के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समय का सदुपयोग और निरंतर
सही दिशा में किया गया परिश्रम ही सफलता की कुंजी है। प्रशिक्षण शिविर के दौरान कैडेट्स को ड्रिल, फायरिंग, खेल-कूद और व्याख्यान
सहित विभिन्न गतिविधियों में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इसके अलावा गायन, नृत्य, पेंटिंग
और सामान्य ज्ञान प्रतियोगिताओं का भी आयोजन होगा। कर्नल मिश्रा ने कैडेटों से सभी
गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। शिविर का संचालन कैम्प कमांडेंट कर्नल सतीश कुमार मिश्रा के नेतृत्व में किया
जा रहा है। कैम्प एडजुडेन्ट सेकंड ऑफिसर लवलीन कौर, सीनियर जीसीआई निशा, सेकंड ऑफिसर
पूनम, सेकंड ऑफिसर सुदेश, सूबेदार मेजर सीता राम, सूबेदार टेक सिंह, क्लर्क रोहित शर्मा,
लखवीर सिंह, विकास कुमार, मंगल सिंह एवं अमित नेहरा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी
प्रशिक्षण व्यवस्था में सक्रिय रूप से योगदान दे रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर