हरियाणा में होली की धूम, कहीं कोरड़ा मार होली तो कहीं उड़ा गुलाल
सोनीपत,फतेहाबाद, रोहतक में मारे कोरड़े तो नूंह में लठमार होली
गुरुग्राम में प्रांजल दहिया समेत कई फिल्मी कलाकार पहुंचे
चंडीगढ़ में राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने खेली होली
चंडीगढ़, 04 मार्च (हि.स.)। होली के अवसर पर हरियाणा के सभी जिलों में जहां भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया वहीं दिनभर युवाओं की टोलियों ने गुलाल उड़ाया। प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में कोरड़ा मार होली खेली गई। जगह-जगह डीजे लगाकर लोगों ने नाच-गाकर होली मनाई। फतेहाबाद, रोहतक व सोनीपत में जहां देवर-भाभी के कोरड़ा मार चर्चा में रही वहीं सालों पुरानी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए आज भी नौलथा में डाट होली खेली गई। गुरुग्राम के एक सेलिब्रेशन कार्यक्रम में हरियाणवी डांसर प्रांजल दहिया पहुंची। नूंह के राम मंदिर में महिलाओं ने पारंपारिक लठमार होली खेली।
हरियाणा लोक भवन चंडीगढ़ में आयोजित ‘होली मिलन समारोह’ में मुख्यमंत्री नायब सैनी धर्मपत्नी सुमन सैनी के साथ पहुंचे और उन्होंने राज्यपाल प्रो.असीम कुमार घोष को होली की बधाई दी। राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने एक दूसरे को रंग लगाकर होली की बधाई दी।
इससे पहले मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सैनी ने अपने कर्मचारी, स्टाफ सदस्यों, उनके परिवारों तथा प्रदेश से आए हुए नेताओं के साथ फूलों की होली खेली। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि प्रदेश के अपने परिवारजनों के साथ होली खेलकर उनके सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे के संदेश को और प्रगाढ़ किया। रंग, उमंग, उत्साह और नई तरंग के पावन पर्व होली की प्रदेश के मेरे सभी परिवारजनों को हार्दिक शुभकामनाएँ एवं बधाई। आज संत कबीर कुटीर पर आयोजित ‘होली मिलन समारोह’ में रंगों और पुष्पों की होली खेलते हुए प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की मंगलकामना की। ईश्वर से प्रार्थना है कि यह होली प्रत्येक जीवन में आनंद, सकारात्मकता और नई ऊर्जा के रंग भर दे तथा हमारे आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को और सुदृढ़ बनाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा